हरिद्वार। निर्जला एकादशी पर श्रद्धालुओं ने धर्मनगरी पहुंचकर गंगा स्नान किया। सुबह से ही हरकी पैड़ी सहित प्रमुख घाटों पर स्नान के लिए भीड़ उमड़ी और गंगा आरती तक सिलसिला चलता रहा। श्रद्धालुओं ने पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
बृहस्पतिवार को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत विभिन्न राज्यों से काफी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे। सुबह होते ही हरकी पैड़ी, ब्रह्मकुंड, मालवीय घाट, सुभाष घाट और अन्य प्रमुख घाट श्रद्धालुओं से भर गए। गंगा तट पूरे दिन हर-हर गंगे, जय श्री हरि और हर-हर महादेव के जयघोषों से गुंजायमान रहा। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मनसा देवी, चंडी देवी और अन्य मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। कई श्रद्धालुओं ने गंगा किनारे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न कराए।