
गंगा में लगातार हो रहे हादसों के बावजूद घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हो सके हैं। नगर निगम ने बीते मई में हादसों की आशंका वाले 30 घाटों और स्थानों को ब्लैक स्पॉट घोषित किया था। 86 घाटों पर होने वाली पूजा में महज 40 जल पुलिस, 10 गोताखोरों और 10 स्थानीय मल्लाहों को तैनात किया जाएगा।
अब छठ पर्व पर इन घाटों पर बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और श्रद्धालु जुटेंगे। शाम को अस्ताचलगामी और अगली सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए लोग पानी में भी उतरेंगे। इसके बावजूद पानी की गहराई में जाने से रोकने के लिए न तो बांस या लोहे की बैरिकेडिंग कराई गई है और न ही जेटी लगाई गई है। घाटों पर केवल आंशिक सिल्ट सफाई कराकर जिम्मेदारी पूरी कर ली गई है।
ब्लैक स्पॉट चिह्नित घाटों पर नगर निगम और जल पुलिस की ओर से वैरिकेडिंग कराने और वॉच टावर से निगरानी की योजना बनाई गई थी। लेकिन 6 महीने बीतने के बाद भी यह योजना जमीन पर नहीं उतर सकी। सुरक्षा के नाम पर घाटों पर केवल चेतावनी और खतरे के निशान वाले बोर्ड लगाए गए हैं।
ये वे स्थान हैं, जहां सेल्फी लेने और लापरवाही के कारण लोग अक्सर हादसों का शिकार होते हैं। दिन हो या रात, प्रमुख घाटों पर पर्यटकों की भीड़ लगी रहती है। लोग स्नान के दौरान या नाव और क्रूज पर सवार र होकर सेल्फी लेने के चक्कर में जोखिम 1 उठाते हैं। कई बार लाइफ जैकेट पहनने से भी बचते हैं। ऐसे में जरा सी चूक जानलेवा साबित हो सकती है। ऐसे में इतनी कम संख्या में फोर्स की तैनाती लोगों के लिए परेशानी का सबब बन सकती है। जबकि पुलिस का कहना है कि लोगों को जागरुक किया जाएगा। इसके अलावा एनडीआरएफ, पीएसी भी तैनात रहेगी।
ये हैं ब्लैक स्पॉट घोषित 30 घाट
सामने घाट, तुलसी घाट, पंचगंगा घाट, मान मंदिर घाट, अस्सी घाट, रीवा घाट, आदिकेशव घाट, हरिश्चंद्र घाट, चेतसिंह घाट, मुंशी घाट, बूंदी परकोटा घाट, प्रभु घाट प्रहलाद घाट, नमो घाट, गायघाट, रानी घाट, सक्का घाट, ललिता घाट, अहिल्याबाई घाट, भोंसले घाट, केदार घाट, सिंधिया घाट, भदैनी घाट, जानकी माट, जैन घाट, निरंजनी घाट, महानिर्वाणी घाट, शिवाला घाट, गुलरिया घाट और मानसरोवर घाट।