विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनिवार सुबह भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि पर सुबह 4 बजे हुई भस्म आरती में बाबा महाकाल का विशेष शृंगार किया गया। पंचामृत से अभिषेक के बाद भगवान को चंदन से सजाया गया। चंद्रमा, त्रिशूल और त्रिनेत्र से सजे बाबा महाकाल के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। इस दौरान पूरा परिसर जय श्री महाकाल के उद्घोष से गूंज उठा।