Farewell idol Goddess Kali in varanasi massive surge devotion eyes filled tears rhythmic beat of dhak

काशी में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि चार किलोमीटर की दूरी तय करने में सात घंटे से अधिक का समय लग गया। नवसंघ की मां काली की प्रतिमा की विदाई के दौरान शुक्रवार को मदनपुरा से गोदौलिया और मैदागिन तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। ढाक की हर थाप के साथ मां की प्रतिमा कदम दर कदम आगे बढ़ती रही। बंगाली समाज की महिलाओं ने पारंपरिक सिंदूर खेला की रस्म निभाकर मां को नम आंखों से विदाई दी। मां के जयकारों से पूरा रास्ता गूंजता रहा।

सुबह विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद दोपहर दो बजे प्रतिमा को पंडाल से नीचे उतारकर वाहन पर विराजमान कराया गया। इसके बाद महिलाओं ने सिंदूर खेला की परंपरा निभाई। एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर सुहाग और सुख-समृद्धि की कामना की। शाम 7:10 बजे मां काली की विसर्जन यात्रा रवाना हुई। मदनपुरा से गोदौलिया तक रास्ते में श्रद्धालुओं की टोलियां जयकारे लगाते हुए यात्रा के साथ चलती रहीं।

रही भारी सुरक्षा

शाम करीब नौ बजे प्रतिमा गोदौलिया चौराहे पर पहुंची। यहां मां काली की सात परिक्रमा कराई गई। इसके बाद यात्रा मैदागिन की ओर बढ़ी। रात करीब 10:30 बजे प्रतिमा मंदाकिनी कुंड पहुंची। यहां आरती और पूजन के बाद मां काली की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। विदाई के दौरान श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। ढाक की थाप, शंखध्वनि और जयकारों के बीच भक्तों ने अगले वर्ष फिर आने की कामना की।

एडीसीपी वैभव बांगर के अनुसार, विसर्जन यात्रा में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। यात्रा के दौरान आठ इंस्पेक्टर, पांच थानों की फोर्स, तीन एसीपी, चार प्रभारी अधिकारी और आरआरएफ की टीम के साथ महिला पुलिस तैनात रही। भीड़ और यात्रा की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों के साथ थ्रेड ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया। संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Uttarakhand