नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक क्षेत्र में वेद निकेतन के समीप बनी पंचायती गोशाला के सौंदर्यीकरण पर शासन स्तर से जांच बैठ गई है। इसके लिए जांच समिति का गठन किया गया है। जांच समिति इसकी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी उसके बाद ही शेष राशि का भुगतान होगा। मई 2023 में जी-20 कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक को वेद निकेतन के समीप उत्तराखंड तीर्थ विकास परिषद की ओर से संचालित पंचायती गोशाला के सौंदर्यीकरण के लिए करीब 69 लाख की धनराशि स्वीकृति हुई थी। इसके लिए प्रथम चरण में निकाय को शासन स्तर से करीब 40 लाख का बजट स्वीकृत हो गया था। निकाय ने खानापूर्ति के लिए गोशाला में करीब आठ से दस लाख रुपये खर्चा किया था। गोशाला सौंदर्यीकरण के नाम पर हुए लाखों खर्च का मामला सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हुआ। मामला संज्ञान में लेते हुए शासन स्तर पर इसकी जांच बैठा दी गई है। जी-20 के दौरान पंचायत गोशाला सौंदर्यीकरण के लिए करीब 69 लाख की धनराशि स्वीकृत हुई थी। शासन स्तर से इसकी विभागीय जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के बाद ही शेष धनराशि का भुगतान होगा।