कुरुक्षेत्र। भगवान श्रीराम की मूर्ति अयोध्या धाम में विराजमान होने की खुशी अभी भी पूरे देश में है। हर कोई अपने-अपने अंदाज में यह खुशी मना रहा है। श्रीराम लला के आगमन की खुशी में ही अब पांच दिनों तक श्रीराम की नगरी अयोध्या गीतामयी होने वाली है, जिस दौरान श्रीकृष्ण द्वारा दिए गए गीता के संदेश गूंजेंगे। 28 मार्च से एक अप्रैल तक विशेष आयोजन गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद के सानिध्य में किया जा रहा है, जिसमें हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, दिल्ली व राजस्थान सहित आसपास के करीब 10 हजार श्रद्धालु शामिल होंगे। इस आयोजन के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है तो वहीं श्रद्धालुओं में भी उत्साह दिखाई दे रहा है। तय कार्यक्रम के अनुसार जहां हर रोज गीता पाठ, सत्संग, प्रवचन, गीता यज्ञ व अन्य कार्यक्रम होंगे वहीं इस आयोजन में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को तीर्थ दर्शन भी कराए जाएंगे। 22 जनवरी को श्री रामलला के विराजमान होने के दौरान भी देश के प्रमुख संतों के साथ स्वामी ज्ञानानंद भी सरीक रहे थे तो वहीं यहां धर्मनगरी स्थित गीता ज्ञान संस्थानम में भी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था।