Uttarakhand Bus Accident: हाईवे पर डामटा के पास हादसा हुआ है। बस में 28 यात्री सवार थे। 26 यात्रियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। बचाव कार्य जारी है। मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज चौहान देहरादून पहुंच गए हैं।

यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर डामटा रिखाऊं खड्ड के पास दर्दनाक हादसा हुआ है। अनियंत्रित होकर एक बस खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि बस में 30 लोग सवार थे। अभी तक 26 शव बरामद किए गए हैं और चार यात्री घायल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची है। बचाव कार्य जारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आपदा कंट्रोल रूम पहुंचे हैं। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान भी देहरादून पहुंच गए हैं। उन्होंने मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की है।
घायलों से मिलने पहुंचे शिवराज
देहरादून में आपदा नियंत्रण कक्ष के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बस दुर्घटना में घायल हुए लोगों से मिलने अस्पताल पहुंचे।
सीएम शिवराज ने आपदा नियंत्रण कक्ष से साझा की जानकारी
मैं यहां देहरादून के आपदा नियंत्रण कक्ष में हूं। मैंने मौके से पूरी जानकारी ली है। घटना स्थल पर डीएम, एसपी, डीआईजी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौजूद हैं। 2 लोगों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। 3 घायल मैक्स अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं।
बस (यूके-04 1541) हरिद्वार से चली थी। ड्राइवर और कंडक्टर की सीट को छोड़कर बस में 28 यात्री बैठ सकते थे। सभी यात्री मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। थानाध्यक्ष पुरोला अशोक कुमार ने बताया की 26 चारधाम यात्रियों से भरी बस रविवार शाम पौने सात बजे 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 26 लोगों की मौत हो गई जबकि चार घायल हैं। इनमें से 23 ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था जबकि तीन की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई। मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। बस में चालक और परिचालक और मध्यप्रदेश के जिला पन्ना के गांव जखला निवासी 28 तीर्थयात्री सवार थे।
चारधाम की तीर्थयात्रा पर यमुनोत्री धाम जा रही बस के खाई में गिरने से मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के तीर्थयात्रियों की मृत्यु बेहद दुखद, पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को गहन दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करे। मैं और मेरी टीम उत्तराखंड सरकार व स्थानीय जिला प्रशासन से संपर्क में है। घायलों के इलाज और मृतकों के शव को मध्य प्रदेश लाने की व्यवस्था की जा रही है। – शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री, मध्य प्रदेश सरकार
यमुनोत्री हाईवे पर डामटा के पास हुई सड़क दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सचिवालय स्थित आपदा कंट्रोल रूम पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दुर्घटना, राहत व बचाव कार्यों की जानकारी ली। इसके साथ ही जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।शव निकाले जा चुके हैं। जिनकी शिनाख्त करने की कोशिश की जा रही है।