केदारनाथ धाम यात्रा के पैदल मार्ग पर शुक्रवार को चीरबासा हेलीपैड के समीप पहाड़ी से मलबा और पत्थर आने के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया। मार्ग पर मलबा आने की सूचना सेक्टर अधिकारी गौरीकुंड ने सुबह करीब 11 बजे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को दूरभाष के माध्यम से दी।यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए गौरीकुंड से केदारनाथ धाम की ओर पैदल यात्रियों की आवाजाही तत्काल रोक दी गई। यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है। स्थिति सामान्य होने तक मार्ग पर आवागमन प्रतिबंधित रखा गया है।मार्ग को जल्द सुचारू करने के लिए डीडीएमए की टीम द्वारा मलबे और पत्थरों को हटाने का कार्य लगातार किया जा रहा है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से मार्ग की स्थिति और यात्रियों की सुरक्षा पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। साथ ही संबंधित टीमों के साथ समन्वय किया जा रहा है।