मथुरा के बरसाना में 18-19 सितंबर को राधाष्टमी का पर्व मनाया जाएगा। इस दौरान करीब 25 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें मेले की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।बरसाना के संकरे रास्तों को देखते हुए पूरे मेला क्षेत्र को 7 जोन और 20 सेक्टर में बांटा गया है। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 38 होल्डिंग एरिया बनाए जा रहे हैं। यहां श्रद्धालुओं को कुछ समय रोकने के बाद चरणबद्ध तरीके से मंदिर परिसर की ओर भेजा जाएगा।श्रद्धालुओं के लिए श्रीजी गेट, पीली कोठी और लाड़ो गेट से प्रवेश की व्यवस्था रहेगी। वहीं जयपुर मंदिर की तरफ से निकास कराया जाएगा। भीड़ को एक ही दिशा में चलाया जाएगा, ताकि रास्तों पर आमने-सामने की भीड़ न हो।2500 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षाएसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि मेले की सुरक्षा के लिए करीब 2500 सिविल पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा 5 गुंडा दमन दल और एंटी रोमियो टीम भी तैनात रहेगी। थर्ड जेंडर श्रद्धालुओं को भी आसानी से दर्शन कराने की व्यवस्था की जाएगी।मेले में सुरक्षा और भीड़ पर नजर रखने के लिए 155 जगहों पर CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं। सभी कैमरों की निगरानी कंट्रोल रूम से की जाएगी। श्रद्धालुओं को लगातार दिशा-निर्देश देने के लिए पीए सिस्टम भी लगाए जाएंगे।तीन जगह खोया-पाया केंद्र बनाए जा रहे हैं। इन्हें CCTV और पीए सिस्टम से जोड़ा जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए शू स्टैंड की भी व्यवस्था की जा रही है।10 जगह फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस के साथ पुलिसकर्मीआग की घटनाओं से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की टीमें 10 स्थानों पर तैनात रहेंगी। मेडिकल व्यवस्था के तहत एंबुलेंस भी तैनात की जा रही हैं। एंबुलेंस के साथ पुलिसकर्मी भी रहेंगे, ताकि किसी आपात स्थिति में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के बीच तुरंत तालमेल हो सके।अधिकारियों ने कहा कि सभी विभागों के आपसी तालमेल से श्रद्धालुओं को सुरक्षित और आसानी से दर्शन कराना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *