मथुरा में श्री बृज धाम सेवा समिति की ओर से मंगलवार देर शाम नंदोत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नेशनल चैंबर भवन में रात 8 बजे से 12 बजे तक चले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की बधाइयां गूंजती रहीं।नंदोत्सव के दौरान ब्रज की संस्कृति और श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की मनमोहक झलक देखने को मिली। कलाकारों ने भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं के साथ कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इससे पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।कार्यक्रम में ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ समेत कई कृष्ण भजनों की प्रस्तुति हुई। भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते और नाचते रहे। नंदोत्सव की परंपरा के अनुसार कान्हा के जन्म की बधाई दी गई और प्रतीकात्मक रूप से खजाना लुटाया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जमकर उत्सव मनाया।ब्रज की संस्कृति की दिखी झलककार्यक्रम में छठ और डांडिया की प्रस्तुतियां भी हुईं। महिला और पुरुषों ने उत्साह के साथ इसमें हिस्सा लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान पूरा परिसर कृष्णमय नजर आया।समिति पदाधिकारियों ने बताया कि श्री बृज धाम सेवा समिति असहाय, जरूरतमंद और बेसहारा लोगों की मदद के लिए सामाजिक कार्य करती है। नंदोत्सव का उद्देश्य परिवारों के बीच मेलजोल बढ़ाने के साथ ब्रज की संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाना है।कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। समिति की ओर से मौजूद लोगों का स्वागत और सम्मान भी किया गया। सभी ने एक-दूसरे को भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं।इस दौरान समिति अध्यक्ष महेश चंद आनंद, अग्रवाल, दिनेश चंद्र अग्रवाल, गिरधारी लाल अग्रवाल, कपिल अग्रवाल, देवेंद्र अग्रवाल, मोहित अग्रवाल, अतुल गोयल, अनूप माहेश्वरी और वीरेंद्र मित्तल समेत समिति के पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।