हरिद्वार में होने वाले कुंभ मेले को लेकर मेला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कुंभ में करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनने वाले गंगा तट के साथ-साथ मेले में बसने वाली साधु-संतों की अलग नगरी को लेकर भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार भी कुंभ मेला क्षेत्र में संतों, धार्मिक संस्थाओं और सामाजिक संगठनों के शिविरों के लिए अलग से कुंभ नगरी बसाई जाएगी।मेला प्रशासन ने विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं से शिविर लगाने के लिए भूमि आवंटन के आवेदन मांगे हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर निर्धारित की गई है। इसके बाद प्राप्त आवेदनों की जांच और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद निर्धारित स्थानों पर भूमि आवंटित की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य दिसंबर तक भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी करने का है, ताकि संत-महात्मा और संस्थाएं समय रहते अपने शिविरों का निर्माण शुरू कर सकें।