संत शिरोमणि रविदास विश्व महापीठ भारत के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी संदीप खत्री महाराज ने हरिद्वार से वाराणसी तक प्रस्तावित संत रविदास संदेश यात्रा को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। यात्रा का उद्देश्य संत रविदास महाराज के मानवता, समानता, सामाजिक समरसता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य को लेकर महामंडलेश्वर स्वामी संदीप खत्री महाराज ने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष को यात्रा में शामिल होने के लिए निमंत्रण भी दिया। संतों का कहना है कि संत रविदास महाराज ने समाज में भेदभाव मिटाकर समानता और मानवता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया था। प्रस्तावित यात्रा के माध्यम से उनके विचारों को लोगों तक पहुंचाने और समाज में आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। यात्रा हरिद्वार से शुरू होकर वाराणसी तक जाएगी। इस दौरान संतों और श्रद्धालुओं के बीच संत रविदास महाराज के विचारों पर चर्चा की जाएगी। आयोजन को लेकर संत समाज में उत्साह का माहौल है। यात्रा के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को एकजुटता और भाईचारे का संदेश देने की तैयारी की जा रही है।