ब्रह्मपुरी स्थित राम तपस्थली आश्रम में रविवार को आश्रम के संस्थापक महामंडलेश्वर स्वामी दयाराम दास महाराज का 71वां जन्मदिवस और उनकी 50वीं दीक्षा समारोह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सनातन धर्म पर चर्चा की गई। रविवार को उन्नाव सांसद डाॅ. सचिदानंद साक्षी महाराज की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय विधायक और शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने शिरकत की। उन्होंने महामंडलेश्वर स्वामी दयाराम दास महाराज को बधाई देकर उनका आशीर्वाद लिया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि श्री राम आंदोलन के दौरान महामंडलेश्वर स्वामी दयाराम दास ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए रामभक्तों को एकत्र करने में एक अलग सी अलख जगाई। उनका व्यक्तित्व सभी को प्रेरित करता है। कार्यक्रम में अखिल भारतीय सीताराम परिवार ढालवाला, धारी देवी कीर्तन मंडली वीरभद्र, कात्यायनी कीर्तन मंडली भैरव मंदिर, कुंजापुरी कीर्तन मंडली गुमानीवाला, साही कीर्तन मंडली चौदहबीघा, सुरकंडा कीर्तन मंडली ढालवाला और मां भगवती कीर्तन मंडली भैरव काॅलोनी की महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में सजकर आश्रम परिसर में भजन-कीर्तन किया। इस दौरान महर्षि महेश योगी शोध संस्थान के प्रमुख एवं प्रख्यात लेखक राजा टोनी नादर की लिखित, प्रख्यात शिक्षाविद एवं महर्षि महेश योगी शोध संस्थान और शंकराचार्य स्वामी माधवाश्रम ट्रस्ट ऋषिकेश के प्रकल्प प्रमुख डाॅ. राजेश नैथानी की ओर से हिंदी में अनुवादित चेतना का अंतहीन सागर नामक पुस्तक का विमोचन किया गया। डाॅ. नैथानी ने बताया कि पूरी दुनिया में सर्वश्रेष्ठ ज्ञान अगर कोई है तो वह अध्यात्म ही हैं। अगर किसी को सुख की खोज करनी है, वो वेदों के ज्ञान को समझे। इस पुस्तक में समाज को बताने का प्रयास किया गया हैं। अखिल भारतीय सीताराम परिवार की अध्यक्ष सुशीला सेमवाल ने महामंडलेश्वर स्वामी दयाराम दास को चारधाम यात्रा का स्मृति चिह्न देकर कहा कि सनातन धर्म के कारण प्रदेश में चारधाम यात्रा संचालित हो रही है। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर ईश्वरदास, महामंडलेश्वर भरतभूषण दास, महामंडलेश्वर अप्रोक्षानंद महाराज, महामंडलेश्वर विष्णुदास महाराज, महामंडलेश्वर अजय दास महाराज, निर्वतमान मेयर अनिता ममगाईं, मंहत रवि प्रपन्नाचार्य, मंहत हरिहरानंद, मंहत दिनेश दास आदि शामिल रहे।