
बदायूं में सोमवार को बैंड बाजे के साथ राम बरात धूमधाम से निकाली गई। राम बरात का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। राम बरात को देखने के लिए शहर के साथ ही आसपास गांव के लोग बड़ी संख्या में उमड़े। राम बरात में आगरा, हाथरस और एटा की झांकियां शामिल हुईं। ये झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। लोग डीजे की धुन पर थिरकते हुए चल रहे थे। बिरुआबाड़ी मंदिर से शुरू हुई राम बरात देखने के लिए लोग यात्रा मार्ग पर पड़ने वाली दुकानों और घरों की छतों पर दोपहर से ही एकत्र होना शुरू हो गए थे। शाम करीब पांच बजे से राम बरात शुरू हुई। राम बरात पथिक चौक, काली सड़क, मढ़ई चौक, हलवाई चौक, बड़ा बाजार, खैराती चौक, नेहरू चौक, गोपी चौक, लोटनपुरा, जोगीपुरा, महाराणा प्रताप चौक होते हुए देर रात गांधी मैदान में पहुंची। यहां भगवान श्रीराम का माता सीता के साथ विवाह हुआ।
विदेशी मेहमान भी रंगे भगवान राम के रंग में
राम बरात में शामिल होने के लिए विदेशी मेहमान वृंदावन के इस्कॉन मंदिर से बदायूं पहुंचे। विदेशी होने के बावजूद उनके मन में भगवान राम के लिए जो श्रद्धा-भाव थे, जो देखते ही बन रहे थे। वह भजन गाते हुए रामबरात में शामिल हुए।