राजधानी दून में बुधवार को राधाष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। दिनभर हरे राम हरे राम के संकीर्तन की गूंज रही। मंदिरों में राधा रानी को झूले पर विराजमान कर झुलाया गया। इसके साथ ही झांकियों की प्रस्तुति दी गई। सुबह से शाम तक मंदिरों में पहुंचकर भक्तों ने राधा रानी के दर्शन किए। डीएल रोड स्थित श्री चैतन्य गौडिया मठ में राधा अष्टमी पर्व की धूम रही। यहां सुबह पांच बजे श्री चैतन्य महाप्रभु व श्री राधा रमण जी की मंगला आरती की गई। इसके बाद तीन घंटे तक श्री हरिनाम संकीर्तन चला। दोपहर में राधा रानी का महाभिषेक हुआ। भजनों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय रहा। श्रीश्री जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति की ओर से तीन घंटे तक भजन संकीर्तन किया गया। इस दौरान झांकियों की प्रस्तुति दी गई। इसके बाद राधा रानी का महाभिषेक किया गया।