उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनावों में बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में तीन जनसभाओं को संबोधित किया। अपने तूफानी दौरे में मुख्यमंत्री ने गोवर्धन में प्रत्याशी के समर्थन में वोट मांगे। मुख्यमंत्री दानघाटी मंदिर पहुंच गए। यहां उन्होंने गिरिराज महाराज की पूजा-अर्चना की। योगी आदित्यनाथ को यहां सेवायतों ने गिरिराज महाराज की एक तस्वीर भी भेंट की। राधे राधे वृंदावन बांकेबिहारी लाल की जय, गिरिराज महाराज की जय… के साथ संबोधन शुरू करते हुए सूबे के मुख्यमत्री योगी आदित्यनाथ ने गिरिराज जी के दर्शन को अपना सौभाग्य बताया। गोवर्धन में उन्होने कहा कि कोरोना से दुनिया परेशान थी, तब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व गरीबों के लिए कार्य हुआ, उसकी दुनिया सराहना कर रही है। फ्री वैक्सीन, फ्री उपचार दिया। वैक्सीन लगवाने के प्रश्न पर उठे हाथों को देखकर बोले कि भीड़ यह सिद्ध कर रही है कि आपका जज्बा सपा गठबंधन की जमानत जब्त करा देगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना में व्यापार-रोजगार भी प्रभावित हुआ। मगर सरकार ने सभी के लिए कार्य किया और मुफ्त राशन दिया। उत्तर प्रदेश में राधे-रानी, गिरिराजजी और बिहारीजी की कृपा से कोरोना समाप्ति की ओर है। यह उन्हीं की कृपा है कि हम जीवन और जीविका बचाने मे सफल रहे हैंयोगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा ने कब्रिस्तान की चाहरदीवारी करवाई लेकिन हमें हमारे धाम प्रिय हैं। हमने वह पैसा ब्रज तीर्थ विकास परिषद को देकर ब्रज को संवारने का काम किया। वह सैफई महोत्सव करते थे। जिसमें राग, रंग, भाव और भक्ति नहीं होती थी। भाजपा की सरकार ने अयोध्या मे दीपोत्सव तो बरसाना में रंगोत्सव रंगीली होली करवाई।