नई दिल्ली। संस्कृत भाषा के संरक्षण और भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से रामायण रिसर्च काउंसिल की ‘रामायण वार्ता’ ने बुधवार को चाणक्यपुरी स्थित आईटीसी मौर्य में संस्कृत भूषण सम्मान समारोह आयोजित किया। इसमें संस्कृत भाषा, साहित्य, शिक्षा, वैदिक ज्ञान और भारतीय संस्कृति के क्षेत्र में योगदान देने वाली 14 विभूतियों को सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी रहे। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज सहित कई संत-महात्मा भी मौजूद रहे। रामायण रिसर्च काउंसिल के मुख्य संयोजक राजेश अग्रवाल, रामायण वार्ता के अध्यक्ष एवं सांसद चिंतामणि महाराज, सांसद संध्या राय, विधायक रीति पाठक और पूर्व सांसद रंजीता कोली ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। सम्मानित होने वालों में डॉ. राजेन्द्रकुमार अनायत, डॉ. रमेश कुमार पाण्डेय, न्यायमूर्ति एसएन झा, न्यायमूर्ति वी. रामासुब्रमण्यम, न्यायमूर्ति मुकुन्दकम शर्मा, प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी, डॉ. शशि तिवारी और डॉ. शशि बाला सहित अन्य विद्वान शामिल रहे।