हाथरस के सहपऊ थाना क्षेत्र के धर्मशाला चौराहे पर रविवार सुबह बाबा जाहवीर गोगाजी का तीन दिवसीय मेला शुरू हो गया। हर साल की तरह इस बार भी सुबह पांच बजे बाबा की अखंड ज्योति जलाई गई।अखंड ज्योति जलाने के बाद सुबह आठ बजे हवन-यज्ञ किया गया। इसके बाद एक जादूगर ने अपने खेल दिखाए।दोपहर एक बजे से वृंदावन से आए कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की रास लीला पेश की। कलाकारों की प्रस्तुति देखकर वहां मौजूद श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए।मेले में बच्चों के साथ आए अभिभावकों और परिवार के सदस्यों ने बाबा के मंदिर में माथा टेका। उन्होंने बाबा के दर्शन कर खुद को धन्य महसूस किया।मेले में कई तरह की मिठाई और चाट की दुकानें लगी थीं। झूले भी लगाए गए थे और महिलाओं के लिए अलग से मीना बाजार की व्यवस्था थी। सादाबाद-जलेसर मुख्य मार्ग पर मेला होने के कारण पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे।