प्रयागराज के शंकरगढ़ में गणेश उत्सव की धूम है। बुधवार सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश के बावजूद उत्सव जारी है। राम भवन ढाल के पास रेलवे ब्रिज निर्माण स्थल से लेकर पुरानी बाजार में आर्य समाज मंदिर, सदर बाजार गल्ला मंडी और लाइनपार समेत कई जगहों पर गणपति बप्पा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इन आकर्षक प्रतिमाओं को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। शाम होते ही गणेश पंडालों की सजावट और प्रतिमाएं लोगों को अपनी ओर खींच रही हैं।आयोजकों ने बारिश से बचाव के लिए पंडालों में पहले से ही पन्नी लगाकर इंतजाम कर लिया था। इसके बावजूद बुधवार सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने गणेश उत्सव की तैयारियों और आयोजनों पर असर डाला है। शाम होते ही बिजली की आंख-मिचौली शुरू हो जाती है, जिससे पंडालों की रोशनी और सजावट भी प्रभावित हो रही है।शाम को बिजली गुल होते ही रोशनी से जगमगाते पंडाल कुछ देर के लिए अंधेरे में डूब जाते हैं। गणेश प्रतिमाओं के दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी होती है। आयोजकों का कहना है कि पंडालों में बारिश से बचाव का इंतजाम पहले ही कर लिया गया है, लेकिन बिजली की बार-बार आवाजाही से व्यवस्थाओं पर असर पड़ रहा है।गणेश उत्सव के कारण बाजार और आसपास के इलाकों में शाम के समय चहल-पहल बढ़ गई है। गणेश प्रतिमाएं और आकर्षक पंडाल श्रद्धालुओं के लिए आस्था और आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। हालांकि, बिजली की आंख-मिचौली और रुक-रुक कर हो रही बारिश उत्सव की रौनक में बाधा डाल रही है।