हरिद्वार। धर्मनगरी में चारधाम यात्रियों से जुड़ा कारोबार शुरू होने लगा है। यात्री होटलों के कमरे और वाहन बुक करा रहे हैं ताकि चारधाम यात्रा सुविधा के साथ की जा सके। प्रदेश में 19 अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा के लिए छह मार्च से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू कर दिए गए हैं। 19 अप्रैल को गंगोत्री, यमुनोत्री व 22 को केदारनाथ और 23 को बदरीनाथ के कपाट खुल जाएंगे।
चारधाम यात्रा के लिए आनॅलाइन पंजीकरण के साथ-साथ वाहनों और कमरों की बुकिंग भी शुरू हो गई है। इसमें यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होने के साथ ही श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा के लिए वाहनों और धामों में ठहरने के लिए कमरों की ऑनलाइन बुकिंग करा रहे हैं। ट्रैवल कारोबारी राजीव गिरि और अनुज गुप्ता का कहना है कि यात्रा की तारीख नजदीक आने से श्रद्धालु वाहन बुक कराने के लिए लगातार पूछताछ कर टैक्सी, बस आदि वाहनों की एडवांस बुकिंग करा रहे हैं। होटल, धर्मशाला और गेस्ट हाउसों में कमरों की बुकिंग भी ठहरने के लिए शुरू हो गई है। धीरे-धीरे चारधाम यात्रा का कारोबार शुरू होने लगा है। मार्च के अंतिम सप्ताह से चारधाम यात्रा का कारोबार पूरी तरह से जोर पकड़ लेगा।