हरिद्वार। पंजाब की महिला से छेड़खानी के आरोप में चंडी देवी मंदिर के महंत रोहित गिरी की गिरफ्तारी होने के बाद अब मामले में नया मोड़ आ गया है। उनकी पत्नी ने ही हत्या का प्रयास और चोरी सहित कई गंभीर आरोप लगाते हुए रोहित गिरी सहित 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। श्यामपुर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, गीतांजलि गिरी पत्नी रोहित गिरी निवासी चंडी घाट थाना श्यामपुर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह मां चंडी देवी मंदिर की आजीवन ट्रस्टी है। उनकी शादी 19 साल पहले रोहित गिरी से हुई थी। दोनों का एक पुत्र भवानी नंदन गिरी है। उनकी बड़ी बहन की पुरानी परिचित रही रीना बिष्ट अगस्त 2021 में उनके जीवन में आई। रीना ने खुद को पीड़िता बताते हुए सहानुभूति प्राप्त कर उनके घर में पीसीएस की तैयारी करने के बहाने रहने लगी।
आरोप लगाया कि अक्तूबर 2022 में उन्हें सफाई के दौरान एक डायरी मिली, जिसमें रोहित ने रीना के नाम 5.5 लाख रुपये की एफडी की बात लिखी थी। पूछताछ पर दोनों ने टालमटोल की। बाद में रोहित ने दावा किया कि महिला अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर रही है।