नमामि गंगे के लोगों ने गंगा के प्रमुख घाटों पर स्वच्छता अभियान चलाया। इस दाैरान आसपास के लोगों को भी जागरूक किया गया। लोगों को गंगा के आध्यात्मिक महत्व को बताया गया।

महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए नमामि गंगे गंगा विचार मंच वाराणसी महानगर इकाई द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। आमतौर पर नमामि गंगे गंगा निर्मलीकरण के लिए विशेष रूप से सक्रिय रहती है। इन दिनों संस्था द्वारा काशी में गंगा किनारे महाशिवरात्रि के पूर्व 15 दिवसीय स्वच्छता ही सेवा है सफाई ही पूजा है अभियान चलाया जा रहा है।
मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि के नेतृत्व में शुक्रवार को त्रिलोचन घाट पर बलराम मंदिर में सफाई कार्य किया गया। मंदिर में स्थित कई प्राचीन विग्रहों जिनमें द्वादश ज्योतिर्लिंग सहित कई अन्य देवी देवताओं की प्रतिमाएं थीं, उनकी स्वच्छता रूपी सेवा की गई।
परिसर की सफाई करने के बाद स्नानादि कराया गया। रुद्राष्टकम् के श्लोक उच्चारण के साथ भस्म, पुष्पहार, विल्व पत्र, धुप, दीप आदि अर्पित किया गया। भक्तों के हर हर महादेव शंभु काशी विश्वनाथ गंगे के भक्तिमय स्वरों से प्रांगण गुंजायमान था।