मेरठ में घरों के साथ ही 70 से अधिक स्थानों पर गणपति विराजे। उनका ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। सुबह से लेकर रात तक श्रद्धालु गणपति के भजनों पर झूमते रहे।
गणेश चतुर्थी पर सोमवार को पूरा शहर गणपति की भक्ति में डूब गया। सुबह से रात तक मंदिरों, घरों और पूजा पंडालों में गणपति महाराज की मूर्तियां स्थापित हुईं। शहर में 70 से अधिक स्थानों पर विशेष आयोजन किए गए। कहीं शोभायात्रा निकली तो कहीं ढोल-नगाड़ों और भजनों के बीच बप्पा का स्वागत किया गया।
सदर कबाड़ी बाजार स्थित प्राचीन सिद्धपीठ भोलानाथ मंदिर से विघ्नहर्ता गणेश की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। मंदिर के पुजारी पंडित अशोक पाठक ने पूजन कराया। इसके बाद गणपति की मूर्ति को मुख्य रथ पर विराजमान किया गया। श्रद्धालु गणपति के भजनों पर झूमते रहे। कबाड़ी बाजार निवासी प्रियांशु मांगलिक ने बताया कि मंदिर से यह शोभायात्रा वर्ष 1980 से लगातार निकाली जा रही है। शोभायात्रा का नया बाजार, गंज बाजार, दाल मंडी, बैंकर्स स्ट्रीट, सदर थाना, सराफा बाजार और शिव चौक सहित विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत हुआ। इस दौरान दीपक कैलेंडर, दिनेश कामरा, सतीश, रवि माहेश्वरी, कमल किशोर जयसवाल, प्रियांशु मांगलिक, अंबुज राजवंशी और राजेश अग्रवाल आदि रहे।