काशी विश्वनाथ धाम में प्रतिदिन सुबह 11 बजे से ऑनलाइन बुकिंग होगी। आम दर्शनार्थियों के लिए हर दिन 150 टिकट बुक हो रहे हैं। ब्लैक टिकटिंग और दलाली रोकने के लिए मंदिर प्रशासन ने ये कदम उठाया है।

श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में रेलवे की तरह एक दिन पहले ही घर बैठे मंगला आरती का तत्काल टिकट मिल जाएगा। आम दर्शनार्थी पहली बार मंगला आरती के चंद घंटे पहले ही ट्रेन के करंट अवलैबिलिटी की तर्ज पर चंद घंटे पहले भी टिकट खरीद सकते हैं। ऑनलाइन बुकिंग हर दिन सुबह 11 बजे से शुरू हो रही है।
यानी कि आरती के 17 घंटे पहले से ही टिकट पा सकते हैं। हालांकि रेलवे की तरह से इस टिकट का रेट नहीं बढ़ाया गया है बल्कि आम बुकिंग के समान 500 रुपये रखा गया है। मंदिर प्रशासन की ओर से न्यास की आधिकारिक वेबसाइट https://www.shrikashivishwanath.org/ पर ऑनलाइन बुकिंग के सिस्टम को अपडेट कर दिया गया है। तत्काल टिकट वाले भक्तों के लिए प्रवेश द्वार 4बी होगा और मंदिर में बैठने की व्यवस्था उत्तरी एलईडी क्षेत्र में होगी।
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के एसडीएम शंभू शरण ने बताया कि आरती से 24 घंटे पहले ही तत्काल टिकट बुकिंग का विकल्प दिया गया है। हर दिन मंगला आरती के करीब 150 टिकट मिल जाते हैं। वहीं इससे ब्लैक टिकटिंग और मंगला आरती को लेकर दलाली या जालसाजी भी कम हो जाएगी। आम दर्शनार्थियों को वेबसाइट पर ही मंगला आरती की बुकिंग की व्यवस्था काफी सुगम है। मंगला आरती में आने वाले भक्तों की संख्या पर कोई सीमा नहीं है।