प्रतीतनगर के होशियारी मंदिर में द्वितीय श्रीकृष्ण लीला का मंचन शुरू हो गया है। पहले दिन कंस दरबार, शिव पार्वती संवाद, नारद कंस वार्ता, कारागार में शिशु वध और मथुरावासियों पर कंस के अत्याचार का मंचन किया गया। मंगलवार को प्रतीतनगर में दूसरी श्रीकृष्ण लीला मंचन का शुभारंभ शिव-पार्वती की आरती से किया गया। लीला में दिखाया कि किस तरह कंस मथुरा वासियों पर अत्याचार करता है। कंस की बहन देवकी और वासुदेव का विवाह होने के बाद एक आकाशवाणी होती है कि देवकी की आठवीं संतान कंस का वध करेगी। इसके बाद कंस घबरा जाता है और देवकी व वासुदेव को कारागार में बंदी बना लेता है। यहां कंस अपनी बहन देवकी की संतानों का क्रमवार वध करता है। श्रीकृष्ण लीला कमेटी की अध्यक्ष देवकी सुवेदी ने बताया कि श्रीकृष्ण लीला में सभी पात्रों की भूमिका स्थानीय ग्रामीण महिलाएं निभा रही हैं।