उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच सराफा स्थित करीब 170 साल पुराने ऐतिहासिक खड़े हनुमान मंदिर की प्रतिमा को लेकर विवाद गहरा गया है। सड़क चौड़ीकरण की जद में आने के कारण मंदिर का मुख्य ढांचा पहले ही हटाया जा चुका है। अब प्रशासन प्रतिमा को मूल स्थान से दूसरी जगह स्थानांतरित करना चाहता है, लेकिन श्रद्धालु इसके लिए तैयार नहीं हैं। शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों और मंदिर से जुड़े लोगों के बीच हुई बातचीत भी बेनतीजा रही। विरोध कर रहे लोगों ने साफ कहा है कि प्रतिमा को मूल स्थान से हटाने की कोशिश हुई तो आंदोलन किया जाएगा।