बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में गणेश उत्सव की अद्भुत छटा देखने को मिल रही है। एक तरफ जहां ऐतिहासिक सिद्धिविनायक मंदिर में 5.51 लाख मोदक का भव्य महाभोग लगाया गया, वहीं दूसरी ओर लोकमान्य तिलक गणेश उत्सव समिति ने 250 मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं बांटकर इको-फ्रेंडली गणेश उत्सव की अनूठी मिसाल पेश की है।
विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर प्रांगण स्थित श्री सिद्धिविनायक मंदिर को स्वर्ण मंदिर की तर्ज पर भव्य रूप से सजाया गया। सुबह भगवान का पंचामृत अभिषेक कर मनमोहक शृंगार हुआ और उन्हें स्वर्ण आभूषण धारण कराए गए। इस अवसर पर भगवान को 5,51,000 मोदक लड्डुओं का महाभोग अर्पित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बेटे वैभव यादव ने कार्यक्रम में शिरकत कर महाआरती की और श्रद्धालुओं को मोदक का प्रसाद बांटा। राजा भरथरी द्वारा स्थापित और रक्षासूत्र (मौली धागे) की मान्यता के लिए प्रसिद्ध इस ऐतिहासिक मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा।