लक्ष्मणझूला रोड स्थित गुरुद्वारा परिसर में श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का पंजीकरण शुरू हो गया है। पहले दिन 25 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया।
पंजीकरण प्रभारी प्रेमानंद ने बताया कि गुरुद्वारा परिसर में दोपहर बाद से हेमकुंड साहिब की यात्रा पर जा रहे सिख श्रद्धालुओं का पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। परिसर में चार काउंटर खोले गए हैं। इसमें दो काउंटर महिलाओं के लिए और दो काउंटर पुरुषों के लिए आरक्षित किए गए हैं।
चार-चार काउंटरों पर दो-दो शिफ्टों में चार-चार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कुछ कर्मचारी रिजर्व में भी रखे गए हैं। मंगलवार सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक पंजीकरण चलता रहेगा। 20 मई को गुरुद्वारा परिसर से श्रद्धालु हेमकुंड साहिब की यात्रा पर रवाना होंगे। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।