राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने कहा कि संतों ने हमेशा ही समाज का मार्गदर्शन किया है। समाज में संतों का विशेष स्थान है। संत समाज को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण व वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करें। इसके अलावा प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति भी आमजन को जागरूक करें। यह बात उन्होंने बुधवार को कैलाशानंद ब्रह्मचारी द्वारा संकलित शक्तिस्तवनम् पुस्तक का विमोचन करते हुए कही। इसके पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने मां दक्षिण काली की पूजा अर्चना कर देश व प्रदेश की खुशहाली की कामना की। पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि मां की शक्ति अपरम्पार है। शक्ति आराधना के प्राचीन मंत्रों से सुसज्तित पुस्तक के माध्यम से अपने जीवन को उन्नत बनाएं। शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि संत महापुरूषों ने राष्ट्र की एकता अखण्डता बनाए रखने में सदैव अहम भूमिका निभायी है। पुस्तक में अति प्राचीन स्तुति मंत्रों का संकलन किया गया है। आरएसएस प्रचारक राकेश जैन ने कहा कि ज्ञान, विज्ञान, अध्यात्म, कला, संगीत आदि तमाम क्षेत्रों में भारत ने दुनिया का मार्गदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि बिना शक्ति के कुछ भी संभव नहीं है। पुस्तक निश्चित रूप से समाज के लिए कल्याणकारी सिद्ध होगी। उत्तर प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश पासी ने भी पुस्तक को समाज के लिए अति उपयोगी बताया। इस अवसर पर पूर्व पालिका अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी, स्वामी रूपेंद्र प्रकाश, महामंडलेश्वर प्रेमानन्द, महर्षि व्यासानन्द, विधायक संजय गुप्ता, विशाल राठौर, ममता राकेश, देशराज कर्णवाल, आदेश चौहान, मेयर अनिता शर्मा, राज्यमंत्री सुशील चौहान, आशीष शर्मा, श्रीमहंत साधनानंद, कोठारी महंत जसविंद्र सिंह, महंत प्रबोधानंद गिरी, शिवालिकनगर नगर पालिका चेयरमैन राजीव शर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ब्रजरानी, डा.राजेंद्र पाराशर, डा.संध्या शर्मा आदि शामिल रहे।