मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर के हिंदू सेवाश्रम में जनता दरबार लगाया। उन्होंने फरियादियों को सुना और प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। जनता दरबार में सर्वाधिक मामले पुलिस और राजस्व से जुड़े आए।
गुरु गोरखनाथ के दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री, हिंदू सेवाश्रम में आयोजित जनता दरबार में पहुंचे। यहां 150 के करीब फरियादियों की समस्याएं सुनी। उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। यात्री निवास में इंतजार कर रहे 700 के करीब फरियादियों के लिए कमिश्नर, डीएम, एसएसपी और अन्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे उनकी समस्याएं सुनें। यहां सर्वाधिक शिकायतें पुलिस और राजस्व से जुड़ी हुई आईं।
सीएम योगी ने सुबह सबसे पहले शिवावतारी गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर मत्था टेक उनका आशीर्वाद लिया। मंदिर भ्रमण करते हुए गोशाला पहुंचे और वहां 20 मिनट तक गो सेवा की। गो-सेवकों से संवाद कर गायों की देखभाल की उचित सलाह दी।