स्वर्गाश्रम स्थित परमार्थ निकेतन में 8 से 14 मार्च तक अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। परमार्थ निकेतन, अतुल्य भारत, पर्यटन मंत्रालय, संस्कृति मंत्रालय और आयुष मंत्रालय भारत सरकार आयोजन में सहयोग कर रही है। 9 मार्च को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि) शामिल होंगे। बृहस्पतिवार को परमार्थ निकेतन आश्रम में आश्रमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने पत्रकारों को बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव में भारत समेत 75 देशों के प्रतिभागी सहभाग कर रहे हैं। 25 देशों से आए योगाचार्य मारिया एलेजांद्रा अवचरियन, टॉमी रोसेन, निखिल महाजन (सत्यानंद), स्टीवर्ट गिलक्रिस्ट, एस्ट्रिड स्लेग्टेन, जोसेफ श्मिडलिन, साने यमामोतो, बिजय आनंद, डाफ्ने त्से, एरिका कॉफमैन, गणेश राव आदि अपनी विधाओं से योग जिज्ञासुओं को योग के मूल की जानकारी देंगे। स्वामी चिदानंद सरस्वती ने बताया कि महोत्सव में दिव्यांग और सर्वांग सभी योग और ध्यान करेंगे। जिसमें दिव्यांगों की विशेष योग प्रस्तुति होगी। महोत्सव में योग, आयुर्वेद, मिलेट्स, उत्तराखंड की संस्कृति, हिमालय और गंगा से जोड़ने की दिव्य यात्रा की भी जानकारी दी जाएगी। महोत्सव में शिवरात्रि और ईको फ्रेंडली होली मनाई जाएगी। मिलेट्स को घर-घर पहुंचाने के लिए महोत्सव में स्टॉल लगाए जा रहे हैं। महोत्सव के दौरान चौरासी कुटिया स्थित महर्षि महेश योगी आश्रम में विश्व शांति के लिए विशेष ध्यान होगा। इस मौके पर भगवती साध्वी सरस्वती आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Uttarakhand