नगर निगम के विभिन्न वार्डाें में 18.37 करोड़ की लागत से 21 खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत की जाएगी। इसके लिए नगर निगम प्रशासन की ओर से ई-निविदा जारी कर दी गई है। ई-निविदा की कार्रवाई पूरी होने के बाद जल्द ही क्षेत्र में खस्ताहाल सड़कों का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। नगर निगम क्षेत्र के बापूग्राम, मीरानगर, शिवाजीनगर आदि वार्डों की सड़कों की हालत करीब एक साल से खस्ताहाल बनी हुई है। लोगों को गड्ढेयुक्त और उखड़ी सड़कों पर आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही इन सड़कों पर रोजाना दोपहिया वाहन चालक और राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। इस समस्या को लेकर स्थानीय लोग धरना दे रहे हैं तो कभी नगर निगम प्रशासन को लिखित में अवगत करा रहे हैं। नगर निगम प्रशासन ने लोगों की समस्या का संज्ञान लेते हुए खस्ताहाल सड़कों के निर्माण के लिए अब कवायद शुरू कर दी है।नगर निगम के अधिशासी अभियंता दिनेश प्रसाद उनियाल ने बताया कि निगम क्षेत्र की खस्ताहाल सड़कों के निर्माण के लिए अवस्थापना विकास निधि से चालू वित्तीय वर्ष 2023-24 के तहत निकाय के विभिन्न वार्डों में हॉट मिक्स से 21 सड़कों के सुधारीकरण के लिए 18.37 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त की गई है। सड़कों के सुधारीकरण के लिए नगर निगम की ओर से ई-निविदा आमंत्रित की गई है। बताया कि ई-निविदा प्रक्रिया गतिमान है।