उत्तरकाशी। श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़े की छड़ी यात्रा शुक्रवार को जिला मुख्यालय पहुंची। इस दौरान शहर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। यात्रा में शामिल साधु-संतों ने प्राचीन काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन किए। यात्रा शनिवार आज भटवाड़ी के निकट लाटा से गंगोत्री धाम के लिए रवाना होगी। शुक्रवार दोपहर में उत्तरकाशी पहुंचने पर श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े की छड़ी यात्रा का मुख्यालय पहुंचने पर हिंदू संगठनों और नायब तहसीलदार जगेंद्र सिंह चौहान व राजस्व उप निरीक्षक दशरथ प्रसाद नौटियाल ने स्वागत किया। हर-हर महादेव के जयकारों के साथ यह यात्रा सबसे पहले केदारघाट के निकट स्थित गंगा आरती घाट पर पहुंची। साधु-संतों ने पवित्र छड़ी के साथ भागीरथी (गंगा) का आचमन किया। इसके बाद साधु-संतों की टोली प्राचीन काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंची। जहां सभी साधु-संतों ने बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना देश-प्रदेश की समृद्धि की कामना की। यात्रा में शामिल पुजारी रमन गिरी ने बताया कि यह यात्रा हरिद्वार से शुरू हुई थी, जो कि हरिद्वार के प्राचीन मंदिरों के दर्शन के बाद ऋषिकेश, लाखामंडल होते हुए बड़कोट और यमुनोत्री धाम पहुंची। यमुनोत्री से उत्तरकाशी पहुंची है। शनिवार को यात्रा गंगोत्री धाम के लिए प्रस्थान करेगी। यात्रा में बड़ी संख्या में साधु-संत शामिल हैं।