शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने 101 बटुकों का पूजन किया, इससे इलाहाबाद में हुई घटना का पाप नहीं धूल सकता है।

लखनऊ में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के द्वारा बटुकों का पूजन करने पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि बटुकों का पूजन करने से प्रयागराज के माघ मेले के दौरान हुई घटना का प्रायश्चित नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि पहले पाप कीजिए और फिर प्रायश्चित करने की कोशिश। बृहस्पतिवार को शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने केदारघाट स्थित श्रीविद्यामठ में पत्रकारों से बात की। उन्होंने कहा कि केवल तिलक लगाने या पैर छूने से उस पाप का प्रायश्चित नहीं हो सकता, जो प्रयागराज में माघ मेले के दौरान पुलिस ने बटुकों के साथ किया।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के चलते भाजपा की छवि की खराब हो रही है। उनके दो उप मुख्यमंत्री की भी प्रतिष्ठा धूमिल हो रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के कार्यकर्ता, पूर्व विधायक, जिला स्तर के पदाधिकारी मुझसे मिल रहे हैं और मुख्यमंत्री के बयान को गलत ठहरा रहे हैं। इन दिनों सौ से अधिक कार्यकर्ता भाजपा छोड़कर गोरक्षा के लिए आगे आए हैं।
उन्हाेंने कहा कि गोरक्षा के मुद्दे पर वह 11 मार्च को लखनऊ जांगे। उन्होंने इसके लिए साधु-संतों, अखाड़ों और सनातनियों से इस अभियान में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अब गोमाता को उनका अधिकार दिलाकर ही आंदोलन थमेगा। गो संरक्षण के ठोस उपाय की मांग सरकार से की जाएगी।
कहा कि देशभर में गायों की गणना में यूपी में चार फीसदी संख्या घटी है, जबकि पश्चिम बंगाल में 15 फीसदी बढ़ी है। शंकराचार्य ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने गायों पर बनी फिल्म गोदान को टैक्स-फ्री कर दिया, लेकिन इससे गाय को राज्य माता नहीं घोषित किया जा सकता।