श्यामपुर लक्कड़घाट स्थित श्रीराम जानकीधाम में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन जन चेतना अभियान गोमुख संकल्प यात्रा की बैठक आयोजित की गई। महामंडलेश्वर स्वामी दयाराम दास, महामंडलेश्वर भारत भूषण दास, महामंडलेश्वर चक्रपाणि दास, युवराज स्वामी गोपालाचार्य महाराज, महंत आलोक हरि, महंत छोटन दास, महंत रवींद्र दास महाराज को गोमुख संकल्प यात्रा का संरक्षक चुना गया है। वर्ष 2025 की गोमुख संकल्प यात्रा इन्हीं संत महात्माओं के सानिध्य में की जाएगी। बृहस्पतिवार को महामंडलेश्वर स्वामी दयाराम दास महाराज की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में यात्रा के संयोजक महंत रवि प्रपन्नाचार्य ने बताया कि वर्ष 2025 में 24 से 29 जून तक होने वाली गोमुख संकल्प यात्रा जगतगुरु, आचार्य, महामंडलेश्वर और महंतों की अध्यक्षता में निकाली जाएगी।
यात्रा के दौरान पढ़ने वाले पड़ावों में पर्यावरण संरक्षण के लिए नुक्कड़ नाटक भी किए जाएंगे। महामंडलेश्वर स्वामी दयाराम दास महाराज ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए गोमुख संकल्प यात्रा 16 वर्षों से निरंतर कार्य कर रही है, जो कि उत्तराखंड के लिए बड़े गौरव की बात है। यात्रा के सदस्यों की ओर से लोगों को पर्यावरण के लिए जागरूक किया जाता रहा है। यह यात्रा वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना के साथ आगे बढ़ रही है। गोमुख संकल्प यात्रा आज देश-विदेश में मां गंगा की छाप छोड़ रही है।