22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की ओर से नगर पालिका मुनि की रेती ढालवाला और नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में रामलीला और राम-भरत मिलाप का मंचन किया जाएगा। इसके लिए निकाय और पालिका क्षेत्र के गंगा घाट और तटों को लाइटों से जगमग किया जाएगा। 21 जनवरी को जानकीसेतु से लेकर रामझूला पुल के बीच के क्षेत्र को अवधपुरी बनाया जाएगा। परमार्थ निकेतन में भजन कीर्तन होगा। पूर्णानंद घाट पर महिलाएं पारंपरिक परिधान पहनकर गंगा आरती करेंगी। साथ ही घाट पर रामलीला का मंचन होगा। जिसमें दिल्ली के कलाकार अभिनय करेंगे।
22 जनवरी को गंगा घाटों पर हवन-यज्ञ के साथ ही भजन-कीर्तन होंगे। जिसमें राजराजेश्वर डोली भी शामिल होगी। स्वर्गाश्रम स्थित लक्ष्मीनारायण घाट पर उत्तराखंड के कलाकार की ओर से राम, लक्ष्मण, सीता का अभिनय किया जाएगा। शत्रुघ्न घाट पर भव्य गंगा आरती के साथ राम भरत मिलाप का मंचन किया जाएगा। इसके राम, लक्ष्मण, सीता स्वर्गाश्रम स्थित नावघाट से नाव में बैठकर मुनि की रेती स्थित शत्रुघ्न घाट पर आएंगे। घाट पर खड़े भरत और शत्रुघ्न अपने भाईयों का वनवास होने के बाद अयोध्या में प्रतीक्षा के दृश्य का मंचन किया जाएगा। जमकर आतिशबाजी की जाएगी। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समेत भाजपा के पदाधिकारी शामिल होंगे।