राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 मार्च को तीन दिवसीय दौरे पर ब्रज में आ रही हैं। अयोध्या से लेकर वृंदावन और गोवर्धन में वह कई धार्मिक आयोजन में शिरकत करेंगी। श्रीकृष्ण की लीला भूमि कहे जाने वाले वृंदावन में वह प्रवास करेंगी और वात्सल्य ग्राम के गोकुलम में दादी और नानी के प्यार से अभिभूत होंगी। प्रेम से भरा यह गोकुलम अपने आप में अलग छवि रखता है। वात्सल्य ग्राम में उनका भव्य और पारंपरिक तौर से स्वागत किया जाएगा।

राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर मथुरा जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस, प्रशासन और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की टीमों ने उनके आगमन से पूर्व ही सुरक्षा से संबंधित तैयारियां करना शुरू कर दिया है। वृंदावन के पंच सितारा होटल में वह प्रवास करेंगी। पहले भी वह इसी होटल में रुकी थीं। इस होटल के हर हिस्से में सुरक्षा का ऐसा खाका तैयार किया जा रहा है कि बाहरी व्यक्ति आसपास भी नहीं फटक सकेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति 19 मार्च की सुबह राष्ट्रपति भवन से रवाना होकर पालम हवाई अड्डे पर पहुंचेंगी। यहां से भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से अयोध्या स्थित महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगी। अयोध्या पहुंचने के बाद वह सड़क मार्ग से श्रीराम जन्मभूमि मंदिर जाएंगी, जहां भगवान रामलला के दर्शन और आरती में शामिल होंगी। मंदिर परिसर में आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में भी उनकी भागीदारी प्रस्तावित है। इसके पश्चात वह प्रसाद ग्रहण करेंगी। अयोध्या से कार्यक्रम संपन्न करने के बाद राष्ट्रपति विशेष विमान से आगरा एयरपोर्ट पहुंचेंगी। आगरा से भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर द्वारा मथुरा कैंट स्थित आर्मी हेलीपैड पर उतरेंगी। यहां से वह सड़क मार्ग से वृंदावन के एक होटल में ठहरेंगी।