अयोध्या। रामलला के सुगम दर्शन के लिए रोजाना 2400 पास जारी किए जाएंगे। पासधारकों के लिए दर्शन का समय भी निर्धारित किया गया है। पास धारकाें को छह पालियों में दर्शन मिलेंगे। हर पाली को दो-दो घंटे में विभाजित किया गया है। हर पाली में 300 पास व 100 विशिष्ट पास बनाए जाएंगे। नई व्यवस्था शनिवार से लागू हो जाएगी। राममंदिर ट्रस्ट के सदस्य डॉ़ अनिल मिश्र ने बताया कि दर्शन व्यवस्था को आसान करने के लिए कुछ नई सुविधाएं बनाई गई हैं। रोजाना 2400 पास जारी किए जाएंगे। इसमें दो तरह के पास होंगे। एक सुगम दर्शन पास होगा, जबकि दूसरा विशिष्ट पास होगा। पास धारकों के लिए सुबह सात से नौ, नौ से 11, दोपहर एक से तीन, तीन से पांच, पांच से सात व सात से नौ बजे का समय निर्धारित किया गया है। सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक पास की सुविधा नहीं रहेगी। सुगम दर्शन के तहत प्रत्येक पाली में तीन सौ लोग दर्शन करेंगे। उनके सामान सुग्रीव किला सेवा केद्र में जमा होंगे। 300 में 150 पास ऑनलाइन होंगे। शेष 150 पास रिजर्व होंगे, जो ट्रस्ट की संस्तुति पर ही बनेंगे। हर पाली में 100 विशिष्ट पास भी बनेंगे। यह भी केवल ट्रस्ट की संस्तुति पर ही बनाए जाएंगे।