अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के दूसरे दिन भी भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। उन्हें 200-200 की संख्या में दर्शन कराया जा रहा है। वहीं, प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है

श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या धाम में भक्ति का महासागर उमड़ पड़ा है। उत्साह के साथ जय श्री राम का नारा लगाते हुए सभी दिशाओं से रामभक्त प्रभु के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं यहां के स्थानीय इन भक्तों का जोरदार स्वागत भी करते नजर आते हैं। जगह-जगह भंडारे चल रहे हैं। भक्ति, उत्साह और सेवा का अद्भुत संगम रामनगरी में देखने को मिल रहा है। बुधवार को लता चौक से रामपथ तक भक्त ही भक्त नजर आ रहे थे। भोर से ही श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के प्रवेश द्वार पर श्रद्धालु जुटने लगे। सुबह सात बजे जैसे ही दर्शन शुरू हुए लोग मंदिर पथ की ओर दौड़ पड़े। सुरक्षा में तैनात पुलिस के जवानों ने लोगों को लाइन में लगाया और अनुशासन के साथ सभी धैर्यपूर्वक खड़े हो गए। प्रवेश के लिए अपनी बारी का इंतजार करते हुए भक्त रामचंद्र कृपालु भजमन, रघुपति राघव राजा राम जैसे भजन गा रहे थे। दर्शन के बाद बाहर निकलते भक्तों के चेहरों पर मुस्कान दिखाई दे रही थी। वहीं कुछ भाव-विभोर भी थे। बहराइच से आए अमित सिंह ने बताया कि वे सभी मंगलवार सुबह आ गए थे, लेकिन भीड़ अधिक होने की वजह से दर्शन नहीं हो पाए थे। आज प्रभु को मंदिर में विराजमान देखकर धन्य हो गए। वहीं महाराष्ट्र के पुणे से आए केशव शंखनाद समूह के लोग भी दर्शन कर जब निकले तो बाहर मार्ग पर शंखनाद शुरू कर दिया। इसी तरह यहां आने वाले हर भक्त का एक ही उद्देश्य रहा प्रभु श्रीरामलला के दिव्य दर्शन।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Uttarakhand