योगी ने कहा कि सपा की सरकार में विकास केवल कब्रस्तिान की बाउंड्रीवॉल तक सीमित था। 2017 में भाजपा की सरकार बनने के बाद विकास तो हुआ और कानून व्यवस्था को भी दुरुस्त किया गया। बहन और बेटियां अब रात को बेखौफ होकर निकल सकती हैं, पर पिछली सरकारों में ऐसा नहीं था। हर कोई असुरक्षित था। दंगाई, माफिया और भ्रष्टाचारी हावी थे, पर भाजपा सरकार ने इसे बुलडोजर से खत्म किया। यूपी के 75 जिलों में अंधकार पूरी तरह से खत्म करके जगमग किया गया। यह सब ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कर दिखाया।
मुख्यमंत्री हिंदुत्व को धार देने के संग ही प्रदेश की सुरक्षा का संदेश भी दे गए। सपा, बसपा और कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए मुजफ्फरनगर दंगे से लेकर कोसीकलां और जवाहर बाग हिंसा की यादें ताजा कीं। मुख्यमंत्री ने जनता से सीधे संवाद करते हुए पिछली सरकार की तुलना भाजपा सरकार से की। सपा सरकार में मुजफ्फरनगर, कोसीकलां दंगे हुए तो वहीं जवाहर बाग की जमीन को कब्जाने के लिए जवाहर बाग हिंसा कराई। भाजपा सरकार में न तो कोई दंगा हुआ। इन पांच सालों में दंगाई बिलों में छुपे रह गए। यूपी में हर तरफ सुरक्षा के लिए कानून व्यवस्था को दुरुस्त करके बहन और बेटियों के लिए पूरी तरह सुरक्षित किया गया। योगी ने कहा कि दो लड़कों की जोड़ी में एक लखनऊ में बैठकर दंगा करा रहा था तो दूसरा दिल्ली में बैठकर तमाशबीन बना हुआ था।