काशी में महाशिवरात्रि पर भारी संख्या में भोले भक्तों का जमावड़ा होगा। इस पर्व के अवसर पर विश्वनाथ धाम में एक हजार भक्त बाबा की मंगला आरती करेंगे। वहीं पौने 46 घंटे में 10 लाख श्रद्धालु आएंगे।
महाशिवरात्रि पर एक हजार भक्त बाबा विश्वनाथ की मंगला आरती के साक्षी बनेंगे। ये पिछले चार साल के औसत से 250 से ज्यादा होगा। वहीं, महाशिवरात्रि के 45 घंटे 45 मिनट में कुल 10 लाख से ज्यादा भक्तों के जलाभिषेक करने का अनुमान है। भारी भीड़ की आशंका के चलते 15 और 16 फरवरी को सभी तरह की ऑनलाइन बुकिंग बंद रहेगी।
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट के कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा ने बताया कि पिछली चार महाशिवरात्रि में मंगला आरती करने वाले भक्तों का औसत आंकड़ा 750 रहा है, मगर इस बार ये बढ़कर 1000 को भी पार कर जाएगा। ब्रह्म मुहूर्त में तीन से चार बजे के बीच मंगला आरती की शुरुआत होगी। आरती करने वालों को अपने साथ अपना पहचान पत्र भी लेकर आना होगा। गर्भगृह के चारों गेट के सामने बैठने की व्यवस्था रहेगी।
इस साल 250 भक्त करेंगे मंगला आरती : आम दिनों में बाबा विश्वनाथ मंदिर में हर दिन 250 दर्शनार्थी मंगला आरती में शामिल होते हैं, लेकिन दो सप्ताह पहले मंदिर प्रशासन की ओर से मंगला आरती में दो गुना 500 भक्तों को मंगला आरती कराने का रिहर्सल किया गया। ऑफलाइन टिकट बढ़ाए गए।
13 फरवरी से लेकर 13 मार्च के बीच 23 दिन तक मंगला आरती के ऑनलाइन टिकट उपलब्ध नहीं हैं। श्रीकाशी विश्वनाथ ट्रस्ट की वेबसाइट पर बुकिंग हाउसफुल दिख रही है। वहीं, इस बीच छह दिन ऐसे हैं जिस दिन मंगला आरती की ऑनलाइन बुकिंग निलंबित की गई है। इनमें महाशिवरात्रि, रंगभरी एकादशी और होली पड़ रही है। 13 मार्च के बाद की बुकिंग 12 फरवरी को खुलेगी।