कोटद्वार/लैंसडौन। महर्षि वाल्मीकि जयंती पर कोटद्वार और लैंसडौन में पूजा-अर्चना और जागरण के साथ ही नगर में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। सामाजिक संगठनों ने विभिन्न जगहों पर शोभायात्रा का स्वागत किया। बृहस्पतिवार शाम आमपड़ाव में स्थित वाल्मीकि मंदिर से भव्य शोभायात्रा का उद्घाटन मुख्य अतिथि लैंसडौन विधायक महंत दिलीप रावत ने किया। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि के उपदेशों और आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया। आयोजन समिति के अध्यक्ष कमल कुमार, सचिव चंद्रपाल, संरक्षक विनोद उर्फ बिंटू ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। भगवान वाल्मीकि की जय-जयकार के बीच शोभायात्रा वाल्मीकि मंदिर से रवाना हुई। शोभायात्रा में सबसे आगे उस्ताद नरेश टांक के नेतृत्व में अखाड़ा शामिल था। जिसमें युवाओं ने शस्त्रों के जौहर दिखाए। बैंड पर भक्ति धुनों से वातावरण भक्तिमय हो गया।