भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर रामनगर विधानसभा सीट से बदलकर लालकुआं से उतारने पर तंज किया। उन्होंने कहा कि भगवान राम के नगर में गए हरीश अब कुएं में चले गए। कौशिक पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में भगदड़ मची है। वहां टिकट बदले जा रहे हैं। कौशिक ने अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया।कहा कि अटल ने उत्तराखंड बनाया और पीएम मोदी इसे संवारने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने कभी अल राज्य आंदोलन का समर्थन नहीं किया। राज्य निर्माण का विरोध किया। उन्होंने कहा कि रामपुर तिराहे पर आंदोलनकारियों पर गोलिया चलाई गईं, उस पर कांग्रेस मौन ही नहीं संलिप्त भी थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विकास कभी पक्षधर नहीं रही बल्कि वह स्केम की जननी रही। उन्होने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकारों के 10 साल घपले, घोटालों और स्टिंग आपरेशन के रहे। उसने कभी विकास का खाका नहीं खींचा। नेहरु, इंदिरा, राजीव और मनमोहन सरकार में कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया, लेकिन गरीबी खत्म नहीं की।कांग्रेस राज में रक्षा बजट घटा दिया गया। मोदी सरकार ने गरीबों को घर और काम देने की योजनाएं बनाईं। उनके खाते खोले। रक्षा बजट भी बढ़ाया। कौशिक ने भाजपा की राज्य और केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया। कहा कि कोविडकाल में स्वास्थ्य के क्षेत्र में अवस्थापना के ढांचे को बढ़ाया गया। पत्रकार वार्ता में सांसद नरेश बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र भसीन, प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान और महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महासचिव दीप्ति रावत भी उपस्थित थीं।