वीरभद्र रोड स्थित माधव सेवा विश्राम सदन में भाऊराव देवरस जयंती समारोह का आयोजन किया गया। शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल कार्यक्रम में शामिल हुए। भाऊराव देवरस सेवा न्यास के सचिव राहुल सिंह ने भाऊराव देवरस के जीवन के बारे में जानकारी दी। कहा कि वह उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के काम के मुख्य सूत्रधार थे। आजादी के बाद राष्ट्र धर्म मासिक पत्रिका, पाञ्चजन्य साप्ताहिक, तरुण भारत दैनिक तथा विद्या भारती जैसे अनेक कार्य उत्तर प्रदेश में उनके नेतृत्व में शुरू हुए। भाऊराव देवरस निधन के बाद 1993 में अटल बिहारी वाजपेयी की अध्यक्षता में भाऊराव देवरस सेवा न्यास का लखनऊ में गठन किया गया। इस न्यास ने देश में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अनेक सेवा कार्य हो रहे हैं। इनमें एक विशेष प्रकल्प विश्राम सदन है। लखनऊ, दिल्ली, पटना और झज्जर में ऐसे पांच सदन संचालित हो रहे हैं। इसी कड़ी में जुलाई 2024 से ऋषिकेश में माधव सेवा विश्राम सदन का संचालन किया जा रहा है। ऋषिकेश प्रकल्प के सचिव संदीप मल्होत्रा ने बताया कि अब तक 7,000 लोग विश्राम सदन के माध्यम से सेवा प्राप्त कर चुके हैं। उन्हें बहुत कम मूल्य में भोजन और आवास की सुविधा उपलब्ध है। कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने भविष्य में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।