अश्विन मास कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि पर गुरुवार सुबह भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल के दरबार में हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। इस दौरान भक्त देर रात से ही लाइन में लगकर अपने ईष्ट देव बाबा महाकाल के दर्शन करने की बारी का इंतजार कर रहे थे। वहीं, बाबा महाकाल भी भक्तों को दर्शन देने के लिए सुबह 4 बजे जागे। पूरा मंदिर परिसर “जय श्री महाकाल” के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री ने दर्शन किए
महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री, भारत सरकार, श्रीमती सावित्री ठाकुर ने अपने उज्जैन प्रवास के दौरान श्री महाकालेश्वर भगवान के दर्शन किए। इस अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उप प्रशासक एस.एन. सोनी द्वारा उनका स्वागत एवं सत्कार किया गया।