षड्दर्शन साधु समाज अखिल भारतीय सनातन धर्म रक्षा समिति की ओर से उत्तराखंड के चारों धामों में जाने वाली छड़ी यात्रा के लिए छड़ियों को त्रिवेणी घाट पर विधि-विधान के साथ स्नान कराया गया। 15 अप्रैल से 7 मई तक पवित्र छड़ियां उत्तराखंड के मठ-मंदिर और देवालयों में दर्शन करेंगी। उसके बाद 8 मई को यात्रा चारधाम के लिए रवाना होंगी। रविवार को त्रिवेणी घाट पर आयोजित छड़ी स्नान षड्दर्शन साधु समाज अखिल भारतीय सनातन धर्म रक्षा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत गोपाल गिरी की अध्यक्षता में छड़ियों का पूजन किया गया। उसके बाद विधि-विधान से गंगा स्नान कराया गया। महंत गोपाल गिरी ने बताया कि छड़ी यात्रा 14 अप्रैल को ऋषिकेश त्रिवेणी संगम पर स्नान कर यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ के लिए रवाना हो जाती हैं। 8 मई को सैकड़ों संतों के साथ यात्रा चारधाम के लिए रवाना होगी। इस मौके पर आह्वान अखाड़े पीठाधीश्वर अरुण गिरी, महंत भूपेंद्र गिरी, महंत पूनम गिरी, सत्यागिरी, सचिव राजेश गिरी आदि मौजूद रहे।