दिल्ली के बाद मंगलवार को चंडीगढ़ में कई बड़े राजनीतिक चेहरे भाजपा में शामिल हुए। इसमें मोहाली के रहने बाले मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के चचेरे भाई जसविंदर सिंह धालीवाल सहित कई और बड़े नाम शामिल हैं। हालांकि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने इससे इनकार किया है पंजाब भाजपा के महासचिव जीवन गुप्ता ने बताया के भाजपा में शामिल होने वालों में पूर्व ओएसडी मुख्यमंत्री पंजाब लखविंदर कौर गरचा (मोहाली), यूथ कांग्रेस के हलका शुतराना के उपाध्यक्ष व कांग्रेस कमेटी समाना के उपाध्यक्ष बेअंत सिंह, सरहदी वेलफेयर एवं डेवलपमेंट सोसाइटी के पूर्व अध्यक्ष कप्तान अमनदीप सिंह (गुरदासपुर), रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल गुरप्रकाश सिंह विर्क (मोहाली), ज्वाइंट सचिव पंजाब अकाली दल व सीनियर उपाध्यक्ष पंजाब राय सिख (एससी) सुधार सभा के पूरण चंद (फाजिल्का) ने भाजपा का दामन थामा।
श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व पीए एवं सिख स्टूडेंट फेडरेशन के पूर्व सीनियर उपाध्यक्ष इकबाल सिंह तुंग, मुख्यमंत्री चन्नी के चचेरे भाई जसविंदर सिंह धालीवाल (मोहाली), किसान यूनियन कादियां ग्रुप जिला मोगा के पूर्व उपाध्यक्ष एवं जिला प्रबंधक किसान विंग शिरोमणि अकाली दल के रणवीर सिंह रानिया (मोगा), बहुजन समाज पार्टी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी चौधरी अर्जुन सिंह कंसल (मोहाली), डाइरेक्टर पंजाब मंडी बोर्ड एवं ऑल इंडिया जाट महासभा चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष राजिंदर सिंह बधेरी (मोहाली) सहित विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक व अन्य संगठनों के 68 नेता अपने साथियों सहित भाजपा में शामिल हुए हैं।
गुप्ता ने सभी का भाजपा में शामिल होने पर स्वागत करते हुए कहा कि इन्हें पार्टी में पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा और यह सभी पार्टी की विचारधारा व केंद्र सरकार की जन-हितैषी नीतियों को अपने-अपने इलाके की जनता तक पहुंचाकर विधानसभा चुनाव में अपने हलके के भाजपा उम्मीदवार की जीत में अहम भूमिका निभाएंगे।