जीवन में आए उतार से उबरने के लिए शहर के कुछ मानिंद लोग एक तथाकथित धर्मगुरु के चक्रव्यूह में फंस गए। एक पूर्व डिप्टी मेयर के घर में जून 2023 में अमृत चखो नाम से सत्संग हुआ।

Religious leader accused of defrauding crores of rupees, several high-profile people of the city trapped in

जीवन में आए उतार से उबरने के लिए शहर के कुछ मानिंद लोग एक तथाकथित धर्मगुरु के चक्रव्यूह में फंस गए। एक पूर्व डिप्टी मेयर के घर में जून 2023 में अमृत चखो नाम से सत्संग हुआ, जिसमें आए श्रद्धालुओं को धर्मगुरु ने ग्रह दोष बताया। फिर सस्ती ब्याज दर पर लोन दिलाने का वादा कर करोड़ों रुपये ऐंठ लिए। अब मामले की जांच हो रही है।

सिविल लाइंस निवासी पूर्व डिप्टी के बेटे ने सीएम को भेजे गए शिकायती पत्र में बताया है कि अपने आप को धर्मगुरु बताने वाले तांत्रिक ने उनके घर पर सत्संग, भजन-पूजन का कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को ग्रह-नक्षत्र का दोष बता कर झांसे में ले लिया। व्यापार में आई मंदी दूर करने के लिए कम ब्याज दर पर लोन दिलाने का वादा किया। इसके बाद लोगों को मुंबई बुलाया।

मुंबई पहुंचे लोगों को तीन प्रतिशत ब्याज की दर से करीब 50 करोड़ रुपये दिलाने का वादा करते हुए डयूटी टैक्स के रूप में एडवांस पैसा जमा करने को कहा गया। कुछ लोगों ने मुंबई में ही धर्मगुरु के बताए खाते पर पैसा जमा कर दिए और कुछ ने प्रयागराज आकर रकम ट्रांसफर की। तय समय के बाद जब लोन का पैसा खाते में नहीं आया तो लोगों के कान खड़े होने लगे।

पूछने पर आरोपी ने बताया वह लोन के रकम की डीडी बना कर प्रयागराज आ रहा है। दो वर्षों तक यह खेल चलता रहा। इस साल 22 जनवरी को वह प्रयागराज आकर एक होटल में रुका। लोगों को व्हाट्सएप पर डीडी की फोटो भेज कर 18 लाख रुपये डीडी चार्ज और दो लाख सिक्योरिटी चार्ज के रूप में मांगे। मरता क्या न करता। सभी ने यह रकम भी उसे ऑनलाइन दे दी पर लोन का कुछ पता नहीं।

खुद को बताता था विश्व बैंक का पूर्व अधिकारी

शिकायतकर्ताओं के अनुसार तथाकथित धर्मगुरु खुद को विश्व बैंक का पूर्व निदेशक बताता था। कहता था कि पीएमओ में तैनात एक आईएएस उसका अनन्य भक्त है। मुंबई जाने पर उसने कई लोगों से मुलाकात कराई। अब पैसा मांगने पर जान माल की धमकी दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Uttarakhand