गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में देवस्थानम बोर्ड के खिलाफ तीर्थ पुरोहितों का काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन बुधवार को छठे दिन भी जारी रहा। तीर्थ पुरोहितों ने मांग पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर रोष जताया। तीर्थ पुरोहितों ने कहा कि सरकार ने बोर्ड पर जल्द फैसला नहीं लिया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
बुधवार को गंगोत्री धाम में तीर्थ पुरोहितों ने काली पट्टी बांधकर गंगा मैया की स्तुति की। तीर्थ पुरोहित राकेश सेमवाल ने कहा कि सीएम तीरथ सिंह रावत ने 51 मंदिरों सहित चारधाम को देवस्थानम बोर्ड के दायरे से बाहर करने का वायदा किया था। लेकिन आज भी तक बोर्ड पर पुनर्विचार नहीं हो पाया है। कहा कि यदि सरकार उनकी मांग को नहीं मानती तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। उधर, यमुनोत्री धाम में भी तीर्थ पुरोहितों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर देवस्थानम बोर्ड को तत्काल भंग करने की मांग की। यमुनोत्री धाम में तीर्थ पुरोहितों के धरने का बुधवार को चौथा दिन था। प्रदर्शन करने वालों में गंगोत्री धाम में संजय सेमवाल, मुकेश, रवि, दिनेश, बद्री, सुनील तथा यमुनोत्री धाम में राघवानंद उनियाल, मनमोहन उनियाल, भानुकर, आशुतोष, सुनील, सोहिन उनियाल आदि मौजूद रहे।