दीपावली और कपाटबंदी के लिए गंगोत्री धाम को फूलों से सजाया गया है। मां गंगा के शीतकालीन पड़ाव मुखबा स्थित गंगा मंदिर को भी फूलों से सजाने की तैयारियां शुरू हो गई है। उधर, यमुनोत्री धाम में भी मंदिर को शनिवार से सजाया जाएगा अब शीतकाल के लिए गंगोत्री व यमुनोत्री धाम की कपाटबंदी में चार से पांच दिनों का समय शेष रह गया है। 14 नवंबर को गंगोत्री व 15 नवंबर को यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के छह माह के लिए बंद हो जाएंगे। जिसके बाद मां गंगा व यमुना के दर्शन व पूजन उनके शीतकालीन पड़ावों में होंगे। इस बीच दोनों धामों में दीपावली का पर्व भी मनाया जा रहा रहा है। जिसके लेकर धामों को फूलों से सजाया जा रहा है। श्री पांच गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष हरीश सेमवाल ने बताया कि गंगोत्री धाम सहित भैरोंघाटी स्थित देवी मंदिर व मुखबा स्थित गंगा मंदिर को कुल 20 क्विंटल फूलों से मंदिरों को सजाया जा रहा है। उधर, यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश उनियाल ने बताया कि 2 क्विंटल फूलों से यमुनोत्री और एक क्विंटल फूल से खरसाली स्थित मंदिर को सजाया जाएगा।